बांद्रा में इकट्ठा हुई भीड़ के मामले में टीवी चैनल का पत्रकार गिरफ्तार


मुंबई के बांद्रा में कल इकट्ठा हुई भीड़ के मामले में एक टीवी चैनल के पत्रकार राहुल कुलकर्णी को गिरफ्तार किया गया है। उन पर ट्रेनों के फिर से शुरू होने के बारे में गलत सूचना फैलाने का आरोप है। उन्हें कल अदालत में पेश किया जाएगा। उक्त जानकारी मुंबई पुलिस के डीसीपी अभिषेक त्रिमुखे ने दी।
बता दें कि महाराष्ट्र में 30 अप्रैल तक जारी लॉकडाउन के बावजूद 14 अप्रैल की शाम बांद्रा स्टेशन पर हजारों प्रवासियों की भीड़ जुट गई। बताया जा रहा है कि कई लोगों के पास बांद्रा स्टेशन से ट्रेन खुलने का मेसेज मिला था। इसके बाद यहां हजारों की भीड़ जुटी थी। सभी लोग अपने घर जाने के लिए जुटे थे। महाराष्ट्र कोरोना वायरस से सबसे ज्यादा प्रभावित राज्य हैं और यहां कोविड-19 के कारण कई लोगों की जान जा चुकी है। ऐसे में इस भीड़ का जुटना कई सवाल खड़े कर रहा है।
विनय दुबे नामक शख्स की भी हुई है गिरफ्तारी
मुंबई के बांद्रा रेलवे स्टेशन पर प्रवासी मजदूरों को गुमराह कर इकट्ठा करने के आरोपी शख्स विनय दुबे को मुंबई पुलिस ने एरोली क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है। इसके बाद आरोपी विनय दुबे को मुंबई पुलिस देर रात बांद्रा स्टेशन ले गई। पुलिस ने इस मामले में आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। आरोप है कि विनय ने मुंबई के कुर्ला में 18 अप्रैल को प्रवासी मजदूरों की ओर से देशव्यापी विरोध-प्रदर्शन करने की धमकी दी।
पुलिस ने अनुसार आरोपी विनय दुबे 'चलो घर की ओर' कैंपेन चला रहा था। उसने अपने फेसबुक अकाउंट पर शेयर किए गए पोस्ट में इसी बात का जिक्र किया है। साथ ही अपनी एक टीम के बांद्रा में होने की बात कही है। एक पोस्ट में उसने 18 अप्रैल तक ट्रेनें शुरू नहीं होने पर देशव्यापी आंदोलन की चेतावनी तक दी है। बता दें कि इस मामले में पुलिस ने करीब एक हजार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।

Post a Comment

0 Comments