महाराष्ट्र और हरियाणा विधानसभा चुनाव के साथ-साथ आज देश के 18 राज्यों में 51 विधानसभा सीटों और दो लोकसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए वोट डाले जा रहे हैं। इनमें यूपी की 11 सीटों, गुजरात की 6, बिहार की 5, असम की 4 और हिमाचल प्रदेश व तमिलनाडु की 2-2 विधानसभा सीटें पर मतदान हो रहा है। इनके अलावा पंजाब की 4, केरल की 5, सिक्किम की 3, राजस्थान की 2 सीटों और अरुणाचल प्रदेश, मध्य प्रदेश, ओडिशा, छत्तीसगढ़, पुड्डुचेरी, मेघालय और तेलंगाना की एक-एक विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए वोटिंग जारी है। इसके साथ ही लोकसभा की दो सीटों महाराष्ट्र की सतारा और बिहार की समस्तीपुर पर उपचुनाव के लिए भी वोटिंग जारी है।
छत्तीसगढ़ की नक्सल प्रभावित चित्रकोट विधानसभा सीट में हो रहे उपचुनाव के लिए कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान जारी है। राज्य के नक्सल प्रभावित बस्तर क्षेत्र की इस विधानसभा सीट से कांग्रेस के विधायक दीपक बैज को बीते लोकसभा चुनाव में सांसद चुन लिए जाने के बाद से अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित यह सीट रिक्त है।
यूपी में विधानसभा की 11 सीटों के उप चुनाव में मतदान जारी है। पहले घंटा में मतदान काफी कम है। कई जगहों पर ईवीएम में खराबी के बाद उनको बदला भी गया। बूथ पर धीरे-धीरे लोग पहुंच रहे हैं।दो राज्यों में विधानसभा चुनाव साथ ही लोकसभा की दो सीटों महाराष्ट्र की सतारा और बिहार की समस्तीपुर पर उपचुनाव के लिए भी वोटिंग जारी है। बिहार मे एक लोकसभा व पांच विधानसभा सीटों पर उपचुनाव हो रहा है। मतदाता 51 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे। अभी तक सभी बूथों पर शांतिप्रिय तरीके से मतदान जारी है।
उत्तर प्रदेश की 11 सीटों पर उपचुनाव
उत्तर प्रदेश की जिन 11 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव हो रहा है उनमें गंगोह, रामपुर, इगलास (सुरक्षित), लखनऊ कैंट, गोविन्दनगर, मानिकपुर, प्रतापगढ़, जैदपुर (सुरक्षित), जलालपुर, बलहा (सुरक्षित) और घोसी शामिल हैं। इन सीटों पर कुल 110 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। सबसे अधिक 13-13 प्रत्याशी लखनऊ कैंट और जलालपुर सीटों पर हैं।
गुजरात की 6 और मध्यप्रदेश व छत्तीसगढ़ की एक-एक सीट पर उपचुनाव
गुजरात में लुणावाडा, बयाड, अमराईवाड़ी, खेरालू, थराद और राधनपुर विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए वोटिंग जारी है। मध्य प्रदेश की झाबुआ सीट पर भी उपचुनाव हो रहा है। छत्तीसगढ़ में चित्रकूट विधानसभा सीट पर उपचुनाव हो रहा है।
पंजाब की चार व राजस्थान की दो सीटों पर उपचुनाव
पंजाब में चार विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए वोट डाले जा रहे हैं। इसमें फगवाड़ा, जलालाबाद, मुकेरियां और दाखा विधानसभा सीट शामिल हैं। राजस्थान की मंडावा (झुन्झुनूं) एवं खींवसर (नागौर) दो विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए वोटिंग जारी है। इसके अलावा ओडिशा के बारगढ़ जिले में बीजेपुर विधानसभा सीट पर भी उपचुनाव हो रहा है।
असम की चार व सिक्किम की तीन सीटों पर उपचुनाव
असम में चार विधानसभा सीटों- रंगपारा, सोनारी, रतबारी और जनिया पर उपचुनाव हो रहा है। इन सीटों पर 20 उम्मीदवार मैदान में है। इसके अलावा सिक्किम की तीन विधानसभा सीटों पोकलोक कामरंग, गंगटोक और मरताम-रुमटेक में वोटिंग जारी है। इसके साथ ही अरुणाचल प्रदेश की खोंसा पश्चिम विधानसभा सीट पर उपचुनाव है। तमिलनाडु की विक्रवंदी और नानगुनेरी विधानसभा सीट के लिए भी वोटिंग जारी है।
केरल की पांच व हिमाचल की दो सीटों पर उपचुनाव
केरल में तिरुवनंतपुरम, अरूर (अलप्पुझा), कोन्नी (पथनामथिट्टा), एर्नाकुलम और मंजेश्वरम (कासरगोड) विधानसभा सीटों पर वोटिंग जारी है। तेलंगाना की हुजूरनगर विधानसभा सीट पर भी मतदान हो रहा है। पुड्डूचेरी के कामराजनगर सीट के लिए भी वोटिंग जारी है। हिमाचल प्रदेश की दो विधानसभा सीटों धर्मशाला और पच्छाद में भी मतदान हो रहा है।

0 Comments